Palamu News:- हुसैनाबाद प्रखंड में सोमवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे के विरोध में मंगलवार सुबह जपला–छतरपुर मुख्य मार्ग नहर मोड़ के पास ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। हादसे में डंडिला गांव के 25 वर्षीय मुकेश कुमार की मौत हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीण न्याय और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। करीब डेढ़ घंटे तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें जमी रहीं।
मौके पर पहुंचे हुसैनाबाद अंचल अधिकारी पंकज कुमार ने मृतक के पिता दशरथ रजवार को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा और आगे सरकारी प्रावधानों के तहत मदद का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी सोनू चौधरी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और स्थिति को संभालते हुए जाम समाप्त कराया।
डंडिला निवासी मुकेश कुमार सोमवार की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। जपला स्थित खादी भंडार चमेली भवन के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां-बाप अपने बेटे का शव देखकर बार-बार बेहोश हो रहे थे।
समाजसेवी सह पैक्स अध्यक्ष कृष्ण बैठा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मुकेश की असामयिक मौत पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा और मृतक परिवार को स्थायी सहायता देने की मांग की।
