Ranchi News:- राजधानी रांची के खेलगांव इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कूटी से जा रही एक युवती की मौत स्कूल बस की चपेट में आने से हो गई। यह बस सरला बिरला स्कूल की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह सरला बिरला स्कूल की बस (जेएच 01 2303) तेज रफ्तार में गुजर रही थी। इसी दौरान खेलगांव के पास स्कूटी चला रही एक युवती अचानक बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई और बस उसे कुचलते हुए निकल गई। गंभीर चोट लगने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए और बस चालक की लापरवाही को लेकर आक्रोश जताने लगे। लोगों ने कहा कि स्कूल बसें अक्सर तेज रफ्तार में चलती हैं, जिसकी वजह से ऐसे हादसे बार-बार होते हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी देख रही है कि दुर्घटना के समय बस चालक की गलती कितनी गंभीर थी और क्या लापरवाही बरती गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल प्रशासन और ड्राइवरों को बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर दूसरों की जान की जिम्मेदारी भी समझनी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्रवासियों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग मांग कर रहे हैं कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

