Chaibasa News:- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षा बलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सली के पास से एक एसएलआर राइफल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ सौता गांव के पास घने जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई। सुबह के समय पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने भी मोर्चा संभाला और जोरदार फायरिंग की। इसमें एक नक्सली मौके पर ही मारा गया, जबकि अन्य नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
आईजी (अभियान) डॉ. माइकल राज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चाईबासा के गोइलकेरा में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुआ है। सुरक्षा बल पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि फरार नक्सलियों को पकड़ा जा सके।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह इलाका लंबे समय से नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता है। यहां के घने जंगल और पहाड़ी इलाके नक्सलियों के छिपने और मूवमेंट के लिए मुफीद होते हैं। हाल के दिनों में सुरक्षा बलों ने इस क्षेत्र में लगातार दबाव बनाया है और कई बार नक्सली ठिकानों का भंडाफोड़ किया है।
घटना के बाद आसपास के गांवों में भी पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नक्सलियों की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस का कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं और ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक नक्सलियों का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।

