Lohardaga News:- बगड़ू थाना क्षेत्र के बगड़ू गांव में बुधवार को निर्माणाधीन कुआं धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बगड़ू निवासी चंद्र प्रकाश भगत के रूप में हुई है। वह मनरेगा योजना के तहत लाभुक सुनील उरांव के कुएं की खुदाई में काम कर रहा था।

कुएं में चंद्र प्रकाश के साथ दो और मजदूर भी काम कर रहे थे। खुदाई के दौरान ऊपर की मिट्टी अचानक भरभराकर गिर गई। मिट्टी चंद्र प्रकाश की ओर गिरी, जिससे वह कुएं में दब गया। बाकी दोनों मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए।
घटना के बाद शोर सुनकर पंचायत की मुखिया रानी मिंज और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कुदाल से मिट्टी हटाकर चंद्र प्रकाश को बाहर निकाला। वह गंभीर रूप से घायल था। उसे एंबुलेंस से लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।