Chaibasa News:- पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बायहातु गांव में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप वैन ने साइकिल से घर लौट रहे दो ग्रामीणों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बायहातु गांव निवासी केदार केराई (48) और पुरसु राम कराई (42) मजदूरी का काम कर रामदा से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में दोनों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, वहीं कई हड्डियां भी टूट गईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने केदार केराई की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार तड़के करीब चार बजे केदार केराई ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल पुरसु राम कराई को भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
केदार केराई की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार पिकअप वैन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

