Ramgarh News:- जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के छोटकीपोना चौक के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से दौड़ रही ग्लैंजा कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को रौंदते हुए पेड़ से जा टकराई। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चितरपुर से रामगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान छोटकीपोना चौक पर खड़े बाइक सवार अक्षय कुमार और नंदन कुमार को कार ने सबसे पहले जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद कार ने ट्यूशन पढ़ाने जा रहे सतवन कुमार और उसके साथ खड़े अभिषेक कुमार तथा उनकी नानी को भी रौंद डाला।
हादसे में ये तीनों लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं अनियंत्रित कार ने इसके बाद एक ठेले को टक्कर मार दी और अंत में सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ तक उखड़ गया और कार में सवार दो लोगों को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को एंबुलेंस तथा स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल, रामगढ़ पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए कई को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए रामगढ़–बोकारो मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मशक्कत के बाद हटाया और यातायात सामान्य कराया।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे को तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग का नतीजा बताया। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।

