Khunti News:- झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस ने एक संभावित आपराधिक वारदात को समय रहते टालते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर खूंटी थाना की टीम ने कर्रा मुख्य मार्ग पर छापेमारी कर चिरूहातु गांव निवासी महावीर मुंडा (20) को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए युवक के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। सभी बरामद वस्तुओं को पुलिस ने जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ खूंटी थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सूचना मिली थी कि चिरूहातु गांव में एक युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना की पुष्टि के बाद खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम जब छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची तो महावीर मुंडा पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस बल ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहन कुमार के साथ एसआई अरुण कुमार, मणिदीप, हवलदार सुबोध तिर्की और अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी का संबंध किसी आपराधिक गिरोह से है या नहीं।
