हजारीबाग।

किरोसिन तेल जलाने के दौरान हुए विस्फोट में घायल एक और महिला उर्मिला देवी की मौत मंगलवार को इलाज के दौरान हो गई। उसका इलाज रिम्स में चल रहा था। गत 1 मार्च को लैंप जलाने के दौरान किरोसिन तेल में विस्फोट से वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।इसके साथ इस घटना में मरने वालों की संख्या पांच हो गई है। इस घटना में 12 से अधिक लोग घायल हुए थे, जिसमें अधिकतर लोग ठीक हो चुके हैं।
मृतका जिले के आमनारी पंचायत के सेखा की रहने वाली थी। मालूम हो कि चोरी का पेट्रोल को तेल टैंकर के एक चेंबर में लाया गया था। इसमें चैंबर की धुलाई नहीं की गई थी। फिर उसी चेंबर में केरोसिन भरी गई थी। इस तरह की घटना आम नारी चुटियारो और गुरहेत पंचायतों में घटी थी। इसको लेकर जिला प्रशासन ने डिस्ट्रीब्यूटर आर्मी ट्रेडिंग कंपनी को काली सूची में डाल कर प्राथमिकी दर्ज कराया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने घटना में 4 मृतकों के परिजनों को मुआवजा भी दिया है।