भागलपुर।

बांग्लादेश के मुर्शिदाबाद जेल से रिहा लोदीपुर थाना क्षेत्र के उस्तु गांव निवासी राजेंद्र रविदास (30) की घर वापसी 3 वर्ष 8 महीने के बाद हुई है। इससे परिवार में खुशी का माहौल है। बुधवार की सुबह से ही उससे मिलने और देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। राजेंद्र रविदास मंगलवार की देर रात को घर पहुंचे थे। जानकारी अनुसार गांव के सीताराम रविदास का पुत्र राजेंद्र रविदास वर्ष 2017 में ही घर से दिल्ली कमाने निकला था। दिल्ली से वह किसी के साथ पश्चिम बंगाल चला गया और भटककर बांग्लादेश की सीमा में प्रवेश कर गया। वहां उसे गिरफ्तार कर मुर्शिदाबाद जेल भेज दिया गया। बहुत दिनों तक परिजनों को कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में मुर्शिदाबाद जेल से राजेंद्र पासवान के बारे में परिजनों को जानकारी दी गई। तो फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच परिजन मानव अधिकार आयोग कार्यकर्ता विशाल रंजन से संपर्क किया और उनके प्रयास से राजेंद्र की घर वापसी हुई। इससे उनकी माता भूतिया देवी, पत्नी सरिता देवी, पुत्री नेहा और पुत्र ऋतिक काफी खुश हैं। माता और पत्नी ने कहा कि वे लोग उम्मीद छोड़ चुके थे। उन्होंने राजेंद्र की घर वापसी में सहयोग देने वाले विशाल रंजन के प्रति आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।