जमुई।
सीआरपीएफ व पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को चकाई थाना क्षेत्र के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बोंगी पंचायत के खूंटी टांड जंगल में अफीम की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। खूंटी जंगल स्थित अमैठाटांड व पथरिया गांव में अफीम की खेती होने की सूचना पर वहां टीम पहुंची थी। नष्ट किए गए अफीम के फसल की कीमत करोडों रूपये बताई गई है। इसमें शामिल लोगों को चिन्हित करने और इसमें नक्सलियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
इस संबंध में सीआरपीएफ 215 बटालियन के सहायक कमांडेंट ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि खुटीटांड के बीच 2.5 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती हुई है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस के साथ एक टीम गठित कर चिन्हित स्थल पर पहुंचकर फसलों को नष्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि अफीम की खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।


