Giridih News: धनवार चौक स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता का दावा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डकैती में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, दो अपाचे मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। हालांकि, वारदात का मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं बैंक से लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी नहीं हो सकी है। कांड का मास्टर माइंड बिहार के वैशाली का रहनेवाला है। जिसकी तलाश जारी है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में धावा बोल दिया था। अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक के लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और लगभग 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। घटना के बाद धनवार थाना में कांड संख्या 288/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पांच विशेष टीमों ने शुरू की थी छापेमारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच विशेष अनुसंधान टीमों (SIT) का गठन किया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अपराधी मोटरसाइकिल से भाग रहे थे। जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास सड़क पर गड्ढे के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और मो. रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाई गई पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
बदवारा जंगल से दो अन्य गिरफ्तार
रिजवान से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल में छापेमारी की। यहां से सुलतान अली उर्फ रॉकी को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं आयुष पांडेय को चार जिंदा कारतूस और अपाचे बाइक के साथ पकड़ा गया। दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो भी जब्त की गई।गिरफ्तार आरोपितों में मो. रिजवान और आयुष पांडेय देवघर के रहने वाले हैं, जबकि सुलतान अली बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह का निवासी है।
मास्टरमाइंड और लूटी गई संपत्ति की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। डकैती में शामिल अन्य अपराधियों और फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए तीन अतिरिक्त विशेष टीमों का गठन किया गया है। लूटे गए सोने के पैकेट और नकदी की बरामदगी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल लूटी गई संपत्ति बरामद नहीं हुई है।


