Nalanda News: जिले में बर्थडे पार्टी के नाम पर आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियों को बुलाकर एक युवती के साथ दरिंदगी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना लहेरी थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले की है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पार्टी में शामिल दो युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से जबरन दु/ष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
डांस कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था

मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी मोहल्ले के एक मकान में कुछ युवक किराये पर रहते हैं। इनमें से एक युवक का जन्मदिन था। इसी अवसर पर मकान में पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में डांस कार्यक्रम के लिए आर्केस्ट्रा में काम करने वाली दो युवतियों को बुलाया गया था। पीड़िता के अनुसार, जब दोनों युवतियां मकान पर पहुंचीं तो वहां पहले से कई युवक मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान किसी कारणवश दूसरी युवती वहां से चली गई। इसके बाद पार्टी में मौजूद दो युवकों ने कथित तौर पर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की और दु/ष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
डीएसपी और थानाध्यक्ष पहुंचे मौके पर
सूचना मिलते ही सदर डीएसपी वन अमरनाथ और लहेरी थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस पीड़िता को अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची।
चार गिरफ्तार, आठ लोगों की भूमिका की जांच
सदर डीएसपी वन अमरनाथ ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में कुल आठ लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सभी की भूमिका की जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की चर्चा
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है। वीडियो में एक युवक को कुछ युवतियों और महिलाओं द्वारा पकड़कर मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस वीडियो के घटना से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शहर के भीड़भाड़ वाले शिवपुरी मोहल्ले में इस तरह की घटना सामने आने के बाद किराये के मकानों में आयोजित होने वाली पार्टियों और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम बंद कमरे में आयोजित किया गया था। फिलहाल मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।


