Palamu News: जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दु/ष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपित युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो टेम्पो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव निवासी सुबोध दीक्षित (38), मुकेश दीक्षित (26) और अभय दीक्षित (20) के रूप में हुई है।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह 29 अक्टूबर को किसी काम से टोटो पर सवार होकर ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र के लकड़ाही गांव पहुंची थी। काम पूरा होने के बाद जब वह वापस हुसैनाबाद लौट रही थी, तब जिस टोटो से वह आई थी, वह रास्ते में खराब हो गया। इसके बाद लड़की ने दूसरे टोटो को बुक किया और उससे वापस अपने घर जाने लगी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान टोटो चालक समेत तीन युवक उसमें सवार थे। आरोप है कि रास्ते में तीनों युवकों ने नाबालिग के साथ छेड़छाड़ की और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

पीड़िता के बयान के आधार पर 31 अक्टूबर को संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर छापेमारी शुरू की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। आरोपितों को सख्त कानूनी सजा दिलाने के लिए विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चिरंजीव मंडल को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई में विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीव मंडल, पांडू अंचल के पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी और उनकी पुलिस टीम शामिल थी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


