Patna News: बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार ने बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने 7, सर्कुलर मार्ग स्थित आवास पर पहुंचकर नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया। नीतीश कुमार ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं।
नीतीश कुमार ने दी जीत की बधाई
मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने नीरज कुमार से कहा कि वे ‘न्याय के साथ विकास’ के मूलमंत्र को केंद्र में रखकर जनता की सेवा करते रहें और लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करें। लगातार चौथी बार जीत हासिल करने को नीरज कुमार के राजनीतिक सफर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद जदयू कार्यालय में भी नीरज कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार, निशांत और नीरज कुमार के समर्थन में नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। पूरे आयोजन में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला।
नेतृत्व और विकास की नीतियों को दिया जीत का श्रेय
नीरज कुमार ने अपनी जीत का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत की विकासपरक जोड़ी को दिया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का मार्गदर्शन, नीतियां और सिद्धांत उनकी जीत में महत्वपूर्ण रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा के प्रति जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही उनकी लगातार चौथी जीत का आधार है। उनके मुताबिक, चुनाव के दौरान जदयू कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की और मतदाताओं तक पहुंचने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
कार्यकर्ताओं के प्रति जताया आभार
नीरज कुमार ने जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, निष्ठा और प्रतिबद्धता के बिना यह सफलता हासिल करना संभव नहीं था। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण भागीदार बताया।
उन्होंने जनसेवा और जनता के विश्वास को बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जताई। लगातार चौथी बार जीत के बाद पार्टी नेतृत्व से मुलाकात और कार्यकर्ताओं के बीच स्वागत को जदयू के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह और छात्र जदयू के पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम समेत कई नेता उपस्थित रहे।
नीरज कुमार की जीत के बाद हुए इस आयोजन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके प्रति समर्थन जताया तथा आगे भी जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने की अपेक्षा व्यक्त की।


