मुंबई के जुहू में अभिनेता की गाड़ी पर चली थीं पांच गोलियां, एक नाबालिग भी हिरासत में; पुलिस के अनुसार, नेपाल भागने की फिराक में थे तीनों
Kota News: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर पुणे–जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, तीनों वारदात के बाद नेपाल भागने की योजना बना रहे थे। मामले में लॉरेंस गैंग से कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।

15 मिनट में पूरी ट्रेन की तलाशी
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, मुंबई पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियों से मिले तकनीकी इनपुट तथा खुफिया जानकारी के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कोटा शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने करीब 15 मिनट में पूरी ट्रेन की तलाशी ली और सुबह 10:18 बजे तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, तीनों जनरल कोच में अलग-अलग जगह बैठे थे। उनकी योजना जयपुर पहुंचने के बाद बस से दिल्ली और फिर नेपाल जाने की थी।
दो आरोपितों की पहचान, तीसरा नाबालिग
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18) और बिहार निवासी ऋत्विक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22) के रूप में हुई है। ऋत्विक वर्तमान में मुंबई के अंधेरी पश्चिम इलाके में रहता है। तीसरा संदिग्ध नाबालिग है, जिसकी पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।
एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, रेहान कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित के संपर्क में था। आरोप है कि उसने सोनीपत के एक नाबालिग को भी इस योजना में शामिल किया था। पुलिस ने बताया कि ऋत्विक मुंबई में रैपिडो चलाता है, जबकि रेहान और नाबालिग मजदूरी करते हैं।
पुलिस का कहना है कि तीनों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा। संदिग्धों के खिलाफ आरोपों की विस्तृत जांच की जा रही है।
फायरिंग में चली थीं पांच गोलियां
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ अपनी कार से मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क से निकल रहे थे। अभिनेता कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान तीन लोगों ने उनकी कार को निशाना बनाकर कथित तौर पर पांच राउंड फायरिंग की।
घटना में अभिनेता के ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। टाइगर श्रॉफ अपने ड्राइवर को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई थी।
लॉरेंस गैंग के दावे की भी जांच
घटना के बाद फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से लिए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, मामले में आरोपितों की भूमिका, कथित गैंग कनेक्शन और वारदात के पीछे की वजह की पुष्टि जांच के आधार पर की जानी है।
कोटा पुलिस ने बताया कि मुंबई पुलिस के इनपुट के आधार पर संयुक्त कार्रवाई की गई। अब हिरासत में लिए गए संदिग्धों को मुंबई पुलिस के हवाले करने की प्रक्रिया के साथ मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


