Giridih News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। अधिकारियों के समझाने और मुआवजा दिलाने का आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम हटाया गया।
मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी सूरज तुरी, पिता प्रकाश तुरी और तुलसी दास, पिता स्वर्गीय गुरु दास के रूप में हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों युवकों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

कुछ महीने पहले हुई थी सूरज की शादी
मृतक सूरज तुरी के पिता प्रकाश तुरी ने बताया कि उनका बेटा दूसरे प्रदेश में काम करता था। कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। इसी कारण फिलहाल वह काम करने के लिए बाहर नहीं गया था। सोमवार को सूरज अपने दोस्त तुलसी दास के साथ एक अन्य मित्र की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की जान चली गई।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने गिरिडीह-रांची मुख्य पथ को जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की। सूरज के पिता ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद सड़क से एक मंत्री का वाहन भी गुजरा, लेकिन वह नहीं रुका।
जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और मुआवजा दिलाने के साथ फरार वाहन को पकड़ने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे जाम समाप्त हुआ।पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन की पहचान कर उसके चालक तक पहुंचने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


