Araria News: अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग एनएच-327ई पर गीतवास टोल प्लाजा के पास गुरुवार को शराब लदा एक मिनी ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में विदेशी शराब लदी होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और शराब के कार्टन लूटने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के गांवों से लोग बाइक समेत अन्य साधनों से मौके पर पहुंचे। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। लोगों ने ट्रक से शराब के कार्टन निकाले और लेकर वहां से चले गए। पुलिस के पहुंचने तक ट्रक में लदी शराब का काफी हिस्सा लूटा जा चुका था।

घटना की सूचना मिलने के बाद रानीगंज थाना और अररिया आरएस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शराब लूट रहे लोगों को वहां से हटाया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम लूटी गई शराब की बरामदगी के प्रयास में जुट गई।
मौके पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ दुर्घटना और शराब की तस्करी से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, शराब की खेप पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से लाई जा रही थी। मिनी ट्रक किशनगंज और अररिया होते हुए रानीगंज की ओर जा रहा था और इसके बाद शराब को सुपौल ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि ट्रक में सीमेंट की कुछ बोरियां आगे रखी गई थीं। इन्हीं बोरियों की आड़ में विदेशी शराब के कार्टन छिपाकर ले जाए जा रहे थे।
बताया गया कि गीतवास टोल प्लाजा के पास तेज गति के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक में शराब देखकर उसे लूटना शुरू कर दिया।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि घटना से संबंधित कई वीडियो पुलिस को मिले हैं। वीडियो के आधार पर शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के साथ शराब की तस्करी के पूरे मामले की भी जांच कर रही है।



