Supaul News: जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गजहर वार्ड संख्या-3 में प्रेम विवाह के महज 10 दिन बाद एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह युवती का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतका की पहचान बिट्टू सरदार की पत्नी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार देर रात नेहा और उसके पति के बीच मायके जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद नेहा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ दिया गया। कमरे के अंदर नेहा को फंदे से लटका पाया गया। परिजन उसे तत्काल बाहर निकालकर ऑटो से राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतका के गले पर फंदे का निशान मिलने की बात सामने आई है। वहीं, उसके बाएं पैर और उंगलियों पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल से वापस लौटने के दौरान सड़क पर गिरने से पैर में चोट लगी थी। हालांकि, चोट के निशान और मौत की परिस्थितियों को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका की सास सबिता देवी ने बताया कि नेहा और बिट्टू ने करीब 10 दिन पहले प्रेम विवाह किया था। सोमवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नेहा अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से युवती द्वारा फंदा लगाने की बात कही गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को भी पढ़ें : नीरू ढांडा ने एशियाई खेलों में जीता शूटिंग का स्वर्ण,रचा इतिहास


