Koderma News: अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के देशव्यापी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत रविवार को झुमरीतिलैया में वॉकथॉन 2.0 का आयोजन किया गया। मारवाड़ी युवा मंच झुमरीतिलैया शाखा और प्रेरणा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के हजारों लोगों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘वॉक टुगेदर, थ्राइव टुगेदर’ रहा।
वॉकथॉन का शुभारंभ सुभाष चौक से हुआ। इस दौरान रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, झुमरीतिलैया नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर, डोमचांच नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा और उपाध्यक्ष आकाश पंकज ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग उत्साह के साथ वॉकथॉन में शामिल हुए।
4.2 किलोमीटर तक चला वॉकथॉन
वॉकथॉन सुभाष चौक से शुरू होकर झंडा चौक होते हुए चांडक कैंपस में समाप्त हुआ। करीब 4.2 किलोमीटर की इस यात्रा में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिवतारा विद्या मंदिर, भालोटिया पब्लिक स्कूल और 45 बटालियन एनसीसी कोडरमा के विद्यार्थियों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थी हाथों में सामाजिक जागरूकता से जुड़े पोस्टर और तख्तियां लेकर लोगों को संदेश देते नजर आए। इस दौरान ‘चले, दौड़ें, स्वस्थ रहें, हर दिन फिट रहें’ और ‘स्वच्छता अपनाएं, स्वस्थ समाज बनाएं’ जैसे नारों से शहर गूंजता रहा।
आकाश योग सेंटर के बच्चों ने रास्ते में विभिन्न योगासनों की प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
स्वास्थ्य के साथ सामाजिक मुद्दों पर भी जागरूकता
वॉकथॉन का उद्देश्य केवल लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करना नहीं था, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। कार्यक्रम में स्वच्छता, नशामुक्ति, वर्षा जल संचयन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान-देहदान, प्लास्टिक मुक्त समाज और साइबर ठगी से बचाव जैसे विषयों पर संदेश दिए गए।
चांडक कैंपस पहुंचने के बाद मुख्य अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र का आधार है। वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में लोगों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। बच्चों और युवाओं की भागीदारी से ऐसे अभियानों का प्रभाव और बढ़ता है।
स्थायी बदलाव लाना उद्देश्य : मोहित संघई
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष मोहित संघई ने कहा कि वॉकथॉन का उद्देश्य सिर्फ एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि मंच स्वास्थ्य जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लगातार अभियान चलाता रहेगा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले शहरवासियों, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और अतिथियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में माहेश्वरी महिला संगठन, अग्रवाल समाज, माहेश्वरी समाज, जैन समाज, ब्राह्मण समाज, श्याम सेवा परिवार, रोटरी क्लब ऑफ कोडरमा, हेल्थ क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वार्ड पार्षदों, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्यों समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



