Bhagalpur News: रक्षाबंधन के त्योहार पर भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड में एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। श्रीमतपुर-हजूरनगर पंचायत के ओलनी टोला स्थित मरगंग घाट पर शुक्रवार दोपहर नहाने गईं तीन किशोरियां नदी के तेज बहाव में बह गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद एक किशोरी का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, ओलनी टोला निवासी तीन किशोरियां शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मरगंग घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। नहाने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चली गईं। नदी का बहाव तेज होने के कारण देखते ही देखते तीनों पानी में बह गईं।
हादसे के समय घाट के आसपास मौजूद लोगों ने किशोरियों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपने स्तर से नदी में उतरकर उनकी तलाश शुरू की। हालांकि तेज बहाव और गहरे पानी के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके।
स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद 16 वर्षीय चंदा कुमारी का शव पानी से बरामद कर लिया। वहीं उसकी बड़ी सगी बहन 18 वर्षीय मोनाली कुमारी और पड़ोस की आठ वर्षीय अभिलाषा कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। घटना में दो सगी बहनों के नदी में बहने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही मरगंग घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है।
हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दी गई। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य को तेज किया गया। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में लापता दोनों किशोरियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
प्रशासन और बचाव दल नदी के अलग-अलग हिस्सों में दोनों लापता किशोरियों की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव दल के साथ सहयोग कर रहे हैं। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से पूरे ओलनी टोला और आसपास के इलाके में गम का माहौल है। परिजन अब लापता दोनों किशोरियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।


