Motihari News: जिले के गोविंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। बभनौली पंचायत के वार्ड संख्या 6 स्थित एक पोखर से एक महिला और उसके चार बच्चों के शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला बच्चों के साथ घर से निकल गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।मृतकों की पहचान धर्मेंद्र महतो की 35 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी, 11 वर्षीय पुत्री अमृता कुमारी, 8 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार, 6 वर्षीय पुत्री पम्मी कुमारी और 4 वर्षीय पुत्र रवि कुमार के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार शाम पति-पत्नी के बीच शराब पीने और किस्त की रकम समय पर जमा नहीं होने को लेकर विवाद हुआ था। कुछ ग्रामीणों का यह भी कहना है कि विवाद के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए थे। हालांकि, इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद महिला अपने चारों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटी तो पति और परिजनों ने रिश्तेदारों तथा गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने पोखर में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोविंदगंज के इंस्पेक्टर सचितानंद पांडेय, अंचल अधिकारी (सीओ), पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पांचों शवों को पोखर से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया।
गोविंदगंज इंस्पेक्टर सचितानंद पांडेय ने बताया कि महिला गुरुवार शाम से ही बच्चों के साथ लापता थी। शुक्रवार को पांचों शव बरामद किए गए हैं। प्रथम दृष्टया यह एक अत्यंत गरीब परिवार प्रतीत होता है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के संबंध में किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


