Kishanganj News: पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के टिकट बरामद किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने शहर के मोहिउद्दीनपुर वार्ड संख्या-1 स्थित एक किराये के मकान से करीब 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के 3,19,200 अवैध लॉटरी टिकट और 23,450 रुपये नकद जब्त किए हैं। इस कार्रवाई को जिले में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) खुसरू सिराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मकान में भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकटों का भंडारण कर उन्हें किशनगंज और आसपास के इलाकों में थोक स्तर पर सप्लाई किया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न मूल्य वर्ग के लाखों लॉटरी टिकट बरामद किए। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अकबर कथित तौर पर यहां अवैध लॉटरी टिकट मंगवाकर स्थानीय कारोबारियों और अन्य लोगों के माध्यम से उनकी बिक्री कराता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि लॉटरी टिकट कहां से मंगाए जा रहे थे, किन-किन लोगों तक उनकी सप्लाई की जाती थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं। इसके साथ ही गिरोह की अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे जब्त किया जा सके।
इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 62/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की संबंधित धाराओं तथा बिहार बन ऑन लॉटरी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े दो पुराने मामले भी पहले से दर्ज हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय था।
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित किशनगंज थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस खबर को भी पढ़ें : भरत तिवारी एनकाउंटर: पहली गोली चलाने वाला STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार


