Deoghar Shravani Mela : विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) और बाबा बासुकीनाथ धाम (दुमका) में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला-2026 को लेकर झारखंड पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र और कांवड़िया पथ पर 14 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य के सभी उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा से निपटने की तैयारी और अपराध नियंत्रण के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुल्तानगंज से देवघर तक करीब 105 किलोमीटर लंबे कांवड़िया पथ की सुरक्षा के लिए संयुक्त कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आधुनिक तकनीक, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।
श्रावणी मेले के दौरान विशेष रूप से सावन के सोमवार—3, 10, 17 (नाग पंचमी) और 24 अगस्त—को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पुलिस के अनुसार इन दिनों जलाभिषेक के लिए तीन लाख से अधिक श्रद्धालु देवघर पहुंच सकते हैं। अंतिम सोमवार को सबसे अधिक भीड़ रहने का अनुमान है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कांवड़िया पथ और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से लगातार निगरानी की जाएगी। इसके अलावा एटीएस, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ की महिला बटालियन, एनडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
पुलिस ने कांवड़ियों के वेश में ठगी करने वाले गिरोहों, महिलाओं से छेड़छाड़, जेबतराशी और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खोया-पाया केंद्र, एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर, पेयजल, शौचालय और आपातकालीन सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
झारखंड पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है, ताकि श्रावणी मेला-2026 शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


