Bihar Crime News: बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया निवासी एक युवक की पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा क्षेत्र में सिर काटकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर साजिश रचकर कराई थी। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को बागडोगरा के हंसखोया चाय बागान के सेक्शन-9 में मजदूरों ने एक सिर कटा शव देखा था। सूचना मिलने पर बागडोगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा। जांच के दौरान मृतक की पहचान किशनगंज जिले के पोठिया निवासी इमाम के रूप में हुई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी मोमिना बेगम ने पेट दर्द और तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर अपने पति इमाम को किशनगंज से बागडोगरा बुलाया था। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए आरोपितों ने उसका अपहरण कर लिया और हंसखोया चाय बागान में ले जाकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपितों ने शव से सिर अलग कर दिया। बाद में शव को चाय बागान में छोड़ दिया गया, जबकि सिर और हत्या में इस्तेमाल हथियार को फांसीदेवा क्षेत्र के मुंशीबारी गांव के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने बाद में दोनों बरामद कर लिए।
इस खबर को भी पढ़ें : नवादा में बगीचे में चल रही थी ठगी की पाठशाला, पुलिस की छापेमारी में 8 साइबर ठग गिरफ्तार,13 मोबाइल और ठगी का डेटा बरामद
पुलिस के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया कि मोमिना बेगम और सुदीप पाल के बीच पिछले सात वर्षों से कथित प्रेम संबंध थे। इमाम इस रिश्ते का विरोध करता था, जिससे नाराज होकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने में सुदीप पाल के दो भतीजे और एक अन्य सहयोगी की भी भूमिका सामने आई है।
बताया गया कि इमाम और मोमिना की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसके बाद मोमिना अपने दो बच्चों के साथ बागडोगरा स्थित मायके में रह रही थी।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हत्या के पीछे किसी अन्य कारण या तंत्र-मंत्र से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


