Jharkhand News : कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में सोमवार सुबह धनबाद-गया रेलखंड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। बाद में शव की पहचान कोडरमा रेलवे स्टेशन के लोको रनिंग रूम के इंचार्ज बी चंपईया के रूप में हुई। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में शोक की लहर है, जबकि जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के समीप रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना जीआरपी को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर शव कई हिस्सों में बंटा हुआ था, जिसे देखकर अनुमान लगाया गया कि व्यक्ति किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आया है।
जीआरपी ने शव के सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया और पहचान की प्रक्रिया शुरू की। इसी बीच लोको रनिंग रूम के कर्मचारियों ने अपने इंचार्ज बी चंपईया को ड्यूटी पर नहीं पाया और उनकी तलाश शुरू की। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना मिलने के बाद कर्मचारी जीआरपी थाना पहुंचे। पुलिस द्वारा बरामद कपड़े दिखाए जाने पर कर्मचारियों ने जींस पैंट के आधार पर शव की पहचान बी चंपईया के रूप में की।
पहचान की पुष्टि उस समय हुई जब मृतक की जींस की जेब से रेलवे का पहचान पत्र (आई-कार्ड) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेलवे कर्मचारियों का अनुमान है कि सोमवार सुबह बी चंपईया संभवतः ब्रश करने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वह किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।
बताया जा रहा है कि बी चंपईया ने करीब एक वर्ष पहले ही कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज का कार्यभार संभाला था। उनके आकस्मिक निधन से रेलवे विभाग में शोक का माहौल है। सहकर्मियों ने उन्हें एक जिम्मेदार और कर्मठ अधिकारी बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।


