Bihar News : लखीसराय, 22 जून। लखीसराय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में मूल अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देने वाले सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नौ फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया है, जो मूल अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार फर्जी परीक्षार्थियों में एमबीबीएस, बीएससी नर्सिंग, बी.फार्मा और आयुर्वेद चिकित्सा के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सभी आरोपित विभिन्न राज्यों और जिलों से संबंधित हैं और कथित रूप से पैसे लेकर दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने का काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों में न्यू जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र मंतोष कुमार, मगध मेडिकल कॉलेज का एमबीबीएस छात्र विवेक कुमार, शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना (मध्य प्रदेश) का छात्र हिमांशु कुमार, एम्स रायबरेली का छात्र सौरभ झिड़ा, बीएचयू की बीएससी नर्सिंग छात्रा पूनम कुमारी, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज दिल्ली के इंटर्न अमन अग्रवाल, एनएमसीएच पटना का बी.फार्मा छात्र रोशन कुमार, ओडिशा के सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज की छात्रा चंचल कुमारी तथा एनएमसीएच पटना के छात्र जितेंद्र कुमार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार ये सभी अभ्यर्थी वास्तविक उम्मीदवारों के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचे थे। जांच के दौरान इनके दस्तावेजों और पहचान में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की गई। मामले में मूल परीक्षार्थियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
लखीसराय पुलिस ने कहा है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और सॉल्वर गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


