Bhagalpur News: विक्रमशिला सेतु पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच भागलपुर और नवगछिया के लोगों को बड़ी राहत मिली है। रविवार को पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र ने बेली ब्रिज का विधिवत उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया। उद्घाटन के साथ ही प्रशासनिक निगरानी में बेली ब्रिज पर वाहनों का परिचालन भी शुरू करा दिया गया।
उद्घाटन समारोह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। मंत्री ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर बेली ब्रिज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सहित कई प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ), पथ निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी भाग लिया।
समारोह से पहले पथ निर्माण मंत्री ने बेली ब्रिज निर्माण कार्य में योगदान देने वाले बीआरओ के अधिकारियों और कर्मियों, पथ निर्माण विभाग के कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय के कारण इतने कम समय में यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो सकी।
मंत्री ने बताया कि केवल 15 से 16 दिनों के भीतर बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर परिचालन प्रभावित होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा था। इसी को देखते हुए सरकार ने युद्धस्तर पर काम करते हुए बेली ब्रिज का निर्माण कराया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल यह एक अस्थायी व्यवस्था है, लेकिन इससे लोगों की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी। सरकार का मुख्य लक्ष्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर विक्रमशिला सेतु का निर्माण कार्य पूरा करना है। मुख्यमंत्री द्वारा 30 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है और सभी विभाग उसी दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।
पथ निर्माण मंत्री ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय के भीतर विक्रमशिला सेतु का कार्य पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने बीआरओ, जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी की संयुक्त मेहनत से यह उपलब्धि हासिल हुई है।
बेली ब्रिज के शुरू होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और दैनिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।


