Jharkhand News: पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलसुलमा गांव में प्रेम प्रसंग के कारण युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में रविवार को डीएसपी राजेश यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में जानकारी दी।
डीएसपी ने बताया कि मृतक पवन सिंह का अपनी मौसेरी बहन सोनी देवी के साथ पिछले डेढ़ से दो महीने से प्रेम संबंध चल रहा था। पवन सिंह सोनी देवी से शादी करना चाहता था, जबकि सोनी पहले से शादीशुदा थी और एक बच्चे की मां भी है। बताया गया कि सोनी देवी इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं थी।
घटना 15 मई की रात की है। पवन सिंह सोनी देवी से मिलने और शादी के लिए मनाने उसके मायके दुलसुलमा गांव पहुंचा था। इसी दौरान सोनी देवी के पिता रवि सिंह ने दोनों को देख लिया। बेटी को प्रेमी के साथ देखकर रवि सिंह गुस्से से आगबबूला हो गया। आवेश में आकर उसने पीछे से पवन सिंह के सिर पर लाठी से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। रवि सिंह ने शव को कंधे पर उठाकर पास स्थित हड़ही पहाड़ ले गया और मृतक के ही गमछे से एक पेड़ पर फंदे से लटका दिया, ताकि पुलिस और ग्रामीणों को यह मामला खुदकुशी लगे।
मृतक के पिता विजय सिंह ने सतबरवा थाना में सोनी देवी, उसके पति फंटूश सिंह और देवर पंकज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद रवि सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली है। डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं।


