Bihar News: नालंदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां और बेटी की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला खुदागंज थाना क्षेत्र के जेठऊना गांव का है, जहां मंगलवार की देर रात एक कमरे से दोनों के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय सनीसा देवी और उनकी 14 वर्षीय बेटी स्नेहा कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के गले पर स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में सनीसा देवी के पति संजय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मृतका की बहन सोनी देवी को फोन के जरिए दी गई, जो गया जिले के बेलागंज की रहने वाली हैं। सूचना मिलने के बाद जब परिजन गांव पहुंचे, तो घर के कमरे के अंदर मां-बेटी के शव पड़े हुए थे। इस दृश्य को देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। परिजनों का आरोप है कि दोनों की गर्दन मरोड़कर हत्या की गई है।
परिजनों ने इस घटना के पीछे संपत्ति विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जमीन-जायदाद के लालच में किसी ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया हो सकता है। वहीं गांव में यह भी चर्चा है कि मृतका का पति मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता है, हालांकि पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना का एक और पहलू यह है कि मृतका की बेटी स्नेहा कुमारी पढ़ाई में काफी तेज थी। उसने इसी वर्ष मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से सफलता हासिल की थी। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हिलसा के डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले के हर एंगल की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है। इस घटना ने इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


