Jamshedpur News:- सोनारी थाना क्षेत्र के कागलनगर बड़तल्ला इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, जयश्री बोस घर से कचरा फेंककर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाईं।
छिनतई के दौरान बदमाशों ने जोर से चेन खींची, जिससे जयश्री बोस के गले में गंभीर खरोंच आ गई। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सोनारी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई हो रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

