Pappu Yadav Arrested : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत को लेकर बिहार की कानून-व्यवस्था पर कड़ा हमला बोला है। सोशल साइट एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा कि छात्रा की मौत और उसके बाद की पूरी कार्रवाई ने सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं है, बल्कि यह एक खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां लगातार बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता आंखें मूंदे बैठी है।
राहुल गांधी का भाजपा एनडीए पर हमला
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुराना भाजपा-NDA मॉडल सामने आया—केस को भटकाना, परिजनों को प्रताड़ित करना और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण देना। उन्होंने कहा कि इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर सांसद पप्पू यादव मजबूती से खड़े हुए, लेकिन उनकी गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का साफ उदाहरण है, ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को दबाया जा सके।
प्रियंका गांधी का बयान
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सुबह पप्पू यादव से फोन पर बातचीत की और उन्हें अच्छा वकील करने की सलाह दी। बाद में एक्स पर लिखा कि पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला झकझोर देने वाला है। FIR से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध है। उन्होंने पूछा कि आखिर यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी का मामला
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक कथित जमीन विवाद मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह केस धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120B से जुड़ा है, जिसे अब BNS के तहत देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, तय तारीख पर कोर्ट में पेश न होने के कारण यह गिरफ्तारी की गई।
पप्पू यादव की तबीयत और अस्पताल शिफ्ट
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें पीएमसीएच से इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान में शिफ्ट किया गया। कस्टडी के दौरान उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर डर जताया। पूरे घटनाक्रम ने बिहार की कानून-व्यवस्था और सरकार के रवैये पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More : हनुमान, अभिमन्यु और पंचतंत्र… PM Narendra Modi ने गेमिंग को दिया देसी ट्विस्ट

