Devgarh News:- झारखंड के देवघर जिले में गुरुवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। हावड़ा–जसीडीह मेन लाइन से गुजर रही एक यात्री ट्रेन ने रोहिणी स्थित रेलवे फाटक के पास सड़क पार कर रहे एक लोडेड ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के साथ-साथ दो मोटरसाइकिल भी दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोडेड ट्रक रेलवे फाटक पार कर रहा था, तभी अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आते ही ट्रक का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं उसके पीछे चल रही दो मोटरसाइकिलें भी दुर्घटना का शिकार हो गईं। बताया जा रहा है कि ट्रेन की गति कम होने के कारण बड़ा नुकसान टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल रेलवे डिवीजन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को ट्रैक से हटवाया, जिससे रेल यातायात जल्द ही सामान्य हो सका।
इस संबंध में आसनसोल डिवीजन के पीआरओ विप्लव बावरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल रेलवे ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित है और ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी है।

