Koderma News:– जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत राजारायडीह गांव से बीते 24 घंटे से लापता एक नाबालिग बच्चे का शव मंगलवार को उसके घर के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया। मृतक की पहचान अभिनंदन कुमार (13 वर्ष), पिता प्रकाश राणा के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार अभिनंदन सोमवार की सुबह करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। झारखंड में हाल के दिनों में बच्चों के लापता होने की घटनाओं को देखते हुए परिजन काफी चिंतित हो गए और उन्हें अपहरण की आशंका हुई। इसके बाद मरकच्चो थाना में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
देर शाम तक जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस और परिजनों की ओर से उसकी तस्वीर और संपर्क नंबर के साथ सूचना विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा की गई। पुलिस और परिजन लगातार खोजबीन में जुटे हुए थे।
इसी बीच मंगलवार की सुबह राजारायडीह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने झाड़ियों में एक बच्चे का शव देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता बच्चे अभिनंदन कुमार के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया गया कि अभिनंदन अपने माता-पिता का सबसे छोटा पुत्र था और कक्षा आठवीं का छात्र था। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मरकच्चो–बरियारडीह सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है।

