Nalanda News:- नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत अस्पताल चौक के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीकअप वाहन से दबकर एक महिला की मौत हो गई, जबकि वाहन पर सवार 18 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान नवादा जिले के रवियों गांव निवासी मंती देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंती देवी अपने परिजनों व संबंधियों के साथ पीकअप वाहन से गंगा स्नान के लिए फतुहा जा रही थीं। इसी दौरान अस्पताल चौक के पास साइड लेने के क्रम में पीकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। वाहन के नीचे दबने से मंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार अन्य 18 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 12 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
चंडी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर यूडी केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

