Jamshedpur News:- शहर में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रंगदारी वसूली की योजना बनाकर निकले तीन बदमाशों को पुलिस ने हथियार, कार और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी मानगो से डिमना की ओर कारोबारियों को डराने के इरादे से निकले थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक सफेद रंग की आई-20 कार से मानगो क्षेत्र से डिमना की ओर जा रहे हैं और रंगदारी वसूली की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में डिमना चौक स्थित डी-चौधरी कॉम्पलेक्स के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान जब पुलिस ने एक सफेद आई-20 कार को रोकने का इशारा किया, तो कार सवार युवकों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को रोक लिया और तीनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. अयाज उर्फ फैजल (24), मो. अरशद (27) और मो. अमान (24) के रूप में हुई है। तीनों मानगो और आजादनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान मो. अमान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं कार से बेसबॉल बैट, फोल्डिंग चाकू, स्टील रॉड, एक आईफोन और सफेद रंग की आई-20 कार जब्त की गई है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीनों आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे ओलीडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों को डराने और उनसे रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। उन्होंने हाल ही में नया गैंग बनाया था और यह उनकी पहली वारदात होने वाली थी। पुलिस के अनुसार, गैंग का सरगना मो. अयाज उर्फ फैजल है, जिसने मुंगेर से हथियार मंगवाया था।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आपराधिक कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।

