Khunti News:- कर्रा थाना क्षेत्र के गुयू गांव में आदिवासी कांग्रेस के कर्रा प्रखंड महासचिव सुमित तिग्गा की गोली मारकर की गई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में कर्रा थाना क्षेत्र के गुयू गांव निवासी संजय बालमुचू (21) और दशरथ मुंडा (19) शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह जानकारी खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे मृतक सुमित तिग्गा के साथ मिलकर जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे। कुछ दिन पहले एक जमीन की डील हुई थी, जिसमें मिले पैसों में से अपनी हिस्सेदारी के 85 हजार रुपये आरोपितों ने सुमित तिग्गा से मांगे थे। लेकिन सुमित पैसा देने में टालमटोल कर रहा था।
इसी विवाद को लेकर दोनों आरोपितों ने सुमित तिग्गा की हत्या की योजना बनाई। मौका मिलते ही उन्होंने सुमित को गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी गांव में ही अपने-अपने घरों में छिपे हुए थे।
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिलने के बाद तोरपा एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुयू गांव में छापेमारी कर दोनों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

