Giridih News:- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), धनबाद की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद अंचल कार्यालय में जमीन के दाखिल-खारिज के एवज में रिश्वत ले रहे अंचल निरीक्षक (राजस्व उप निरीक्षक) सुरेंद्र यादव और उसके सहयोगी (दलाल) मुकेश कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों को छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद एसीबी की टीम उन्हें अपने साथ धनबाद ले गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोतीलेदा गांव निवासी लक्ष्मी कुमारी बरनवाल ने बेंगाबाद अंचल क्षेत्र में जमीन की खरीदारी की थी। जमीन के दाखिल-खारिज के लिए उन्होंने सभी आवश्यक कागजातों के साथ अंचल कार्यालय में आवेदन दिया था। मोतीलेदा गांव के खाता संख्या 74, खेसरा संख्या 4045, रकबा 7.34 डिसमिल जमीन के दाखिल-खारिज को लेकर अंचल अधिकारी ने संबंधित कर्मी सह अंचल निरीक्षक सुरेंद्र यादव से मिलने की सलाह दी थी।
आरोप है कि अंचल निरीक्षक सुरेंद्र यादव ने दाखिल-खारिज की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में सौदा 6 हजार रुपये में तय हुआ, जिसे पहली किश्त के रूप में गुरुवार को देने की योजना बनी। इसकी सूचना पहले ही एसीबी को दे दी गई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी धनबाद की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को अंचल निरीक्षक के पास बैठे उसके सहयोगी मुकेश कुमार को वादी से केमिकल लगे छह हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके तुरंत बाद एसीबी के डीएसपी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने अंचल निरीक्षक सुरेंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अचानक कार्रवाई से बेंगाबाद अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। कई कर्मचारी और लोग इधर-उधर भागते नजर आए। फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

