Jamshedpur News:- जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डी बोड़ाम प्रखंड गांव में सोमवार देर रात एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान महिमा महतो (29) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम काम से घर लौटने के बाद पति निरंजन महतो और महिमा के बीच मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद महिमा गुस्से में अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया, तो महिमा साड़ी के सहारे पंखे से फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि महिमा की शादी करीब डेढ़ साल पहले निरंजन महतो से हुई थी और दंपती का पांच महीने का एक मासूम बच्चा भी है। नवविवाहिता की असमय मौत से परिवार बेहद सदमे में है और बच्चे के भविष्य को लेकर चिंता जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

