Jamshedpur News:- कदमा थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित आरक्षी चालक मनीष कुमार दुबे के दो बैंक खातों से एक लाख 5 हजार 900 रुपये की अवैध निकासी कर ली।
पीड़ित मनीष कुमार दुबे के अनुसार ठगों ने बेहद शातिर तरीके से उनके बैंक खातों में सेंध लगाई। उन्हें किसी तरह का कोई अलर्ट या संदेह तक नहीं हुआ और कुछ ही समय में खातों से बड़ी रकम निकाल ली गई। जानकारी के मुताबिक, एक खाते से 90 हजार रुपये जबकि दूसरे खाते से 15 हजार 900 रुपये की निकासी की गई।
जब उन्होंने अपने बैंक खातों की जांच की तो अचानक इतनी बड़ी रकम गायब देखकर वे हैरान रह गए। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत संबंधित थाना और साइबर सेल को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने किस माध्यम से बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की और किस तकनीक का इस्तेमाल कर रकम उड़ाई। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फिशिंग कॉल, संदिग्ध लिंक या किसी फर्जी मोबाइल एप के जरिए साइबर अपराधियों ने खातों तक पहुंच बनाई हो।
इस घटना ने पुलिस महकमे को भी सतर्क कर दिया है, क्योंकि अब साइबर ठग पुलिसकर्मियों को भी निशाना बना रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एप से सावधान रहें और अपनी बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

