Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय परिमहल गोप की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जुड़ी गांव का निवासी बताया गया है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस तेज गति से हाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे परिमहल गोप को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। हादसे से नाराज लोगों ने हाता मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर स्कूल बसों सहित अन्य वाहन अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
सूचना मिलने पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, स्कूल बस के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

