Khunti News:- जरियागढ़ थाना क्षेत्र के तिलमी गांव से शुक्रवार को अपहृत किए गए दो लोगों को पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में अपहरण में शामिल छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
अपहृत लोगों की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान निवासी हारु मुखर्जी और जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बारवादाग गांव निवासी विजय उरांव के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मकबूल मियां (ग्राम लिमडा, बड़का टोली), राजेश्वर गोप उर्फ राजू उर्फ बड़ा पिता (ग्राम जोरको), सुकून मुंडा, श्याम सिंह, शशि दास और सुनील मुंडा (सभी सुवारी जलटांडा पाहन टोली निवासी) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (जेएच 01 डीयू 3590), काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (जेएच 01 वीडीबी 9552), सिल्वर रंग की टीवीएस स्टॉर्म स्कूटी, लाल रंग की हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (जेएच 01 सीएच 2006), विभिन्न कंपनियों के पांच मोबाइल फोन, अपराधी शिबू उर्फ शिवनाथ का आधार कार्ड और राष्ट्रीय लोक अदालत का नोटिस बरामद किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने शनिवार को कर्रा थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि खूंटी के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों अपहृतों को रोडो जंगल में छिपाकर रखा गया है।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सटीक रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए पांच घंटे के भीतर दोनों अपहृतों को सुरक्षित बरामद कर लिया और अपहरण में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस अभियान में तोरपा के एसडीपीओ के साथ पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, जरियागढ़ थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार, एसआई जुगेश सिंह, एसआई मनीष कुमार, एसआई कुलदीप रोशन बारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

