Dhanbad News:- झारखंड के धनबाद जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में जहरीली गैस लीक का संकट गहराता जा रहा है। गैस के प्रभाव से अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिससे इलाके में डर और आक्रोश दोनों बढ़ गया है।
बुधवार रात प्रियंका देवी की हालत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो गई। गुरुवार को 62 वर्षीय ललिता देवी ने भी दम तोड़ दिया। प्रशासन का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन स्थानीय लोग इसे जहरीली गैस का असर बता रहे हैं।
गुरुवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने धनबाद–रांची मुख्य मार्ग जाम कर दिया। टायर जलाकर बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनकी मांग थी कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास नहीं दिया जाता और गैस के स्रोत की पहचान कर उसे बंद नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। लगभग चार घंटे बाद प्रशासन से वार्ता के बाद जाम खत्म हुआ।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ठाकुर ने बताया कि मृत महिला अचानक गिरी और मुंह से झाग निकलने लगा। डॉक्टरों ने सांस रुकने और गैस प्रभाव की आशंका जताई। प्रदीप के मुताबिक, इलाके में अभी भी 15–20 लोग बीमार हैं और हालात गंभीर हो सकते हैं।
एक अन्य निवासी शेख मोहम्मद ने कहा कि वर्षों से प्रशासन केवल नोटिस दे रहा है, लेकिन रहने के लिए सुरक्षित विकल्प नहीं दिया गया। गैस लगातार फैल रही है और लोग बीमार पड़ रहे हैं।
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने बीसीसीएल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई इलाकों को असुरक्षित घोषित किया गया, लेकिन पुनर्वास की उचित व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने डीजीएमएस, सीआईएमएफआर और आईएसएम की संयुक्त बैठक बुलाकर तत्काल समाधान की मांग की।
बढ़ते खतरे का अंदेशा ऐसा है कि कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित जगह जा चुके हैं। बीसीसीएल की टीम माइक से लोगों को क्षेत्र खाली करने की अपील कर रही है। गैस का असर राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला, ऑफिसर कॉलोनी सहित करीब 10 हजार आबादी में महसूस किया जा रहा है।
बीसीसीएल पीबी एरिया के जीएम जी. साहा ने बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए दो टेंट बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह इलाका अग्नि प्रभावित है और पहले ही असुरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन लोग यहां से हटे नहीं। स्थायी समाधान तभी संभव है जब क्षेत्र को खाली कराया जाए।
पुटकी के सीओ विकास आनंद ने कहा कि डीजीएमएस की टीम गैस लीक रोकने में लगी है। प्रशासन लोगों की मांगें नोट कर रहा है और जल्द बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। मौत के कारणों पर उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही।
स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है और लगातार लोगों की चिकित्सा जांच कर आवश्यक उपचार दे रही है।
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि गैस से अब तक दो लोगों की मौत हुई है। आगे नुकसान न हो, इसके लिए कार्रवाई तेज की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

