Koderma News:- कोडरमा थाना क्षेत्र के लखीबागी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब सदर अस्पताल के एंबुलेंस चालक पंकज सिंह (45 वर्ष), पिता श्यामचरण सिंह, अपने ही कमरे में फंदे से लटकते पाए गए।
परिजनों के अनुसार घर के कुछ सदस्य एक विवाह समारोह में गए हुए थे। मंगलवार रात पंकज सिंह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह जब उनके पिता ने छोटे बेटे राजेश कुमार को जगाने को कहा और वह पंकज के कमरे में गया, तो उसने उन्हें फंदे से झूलता देखा।
सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और खुदकुशी के कारणों की तलाश की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले पंकज सिंह की कमर की हड्डी टूट गई थी, जिसके चलते उनका इलाज चल रहा था। इसी वजह से वे मानसिक तनाव में रहते थे और पत्नी से कहते थे कि अब वे किसी काम के नहीं रहे। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

