KODERMA news:– कोडरमा जिले में रविवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी। इन दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।
पहली घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा के पास रात लगभग आठ बजे हुई। यहां खड़े एक ट्रक में बाइक के जोरदार टकरा जाने से 30 वर्षीय सिंटु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक जयनगर थाना क्षेत्र के सिंगारडीह का रहने वाला था और बारा टोला (करमा पंचायत) में अपनी नानी के यहां रहता था। वह फाइनेंस का कार्य करता था। दुर्घटना में बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं, जिनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
दूसरी घटना तिलैया थाना क्षेत्र के रांची–पटना मुख्य मार्ग बाईपास पर देर रात हुई। धान से भरा एक ट्रैक्टर गलत दिशा से जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में छोटेलाल नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाले मियां (55), कारु मियां (60) और गोपी मोदी (25) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल जयनगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घायलों में से दो का इलाज सदर अस्पताल कोडरमा में चल रहा है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए रिम्स रेफर किया गया है।
दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थलों पर पहुंचकर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है

