Khunti News:- जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए दो सगे भाइयों की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल शमशुद्दीन (48) ने रविवार को दम तोड़ा, जबकि उसके बड़े भाई शुभान खान (50) की मौत शनिवार को ही हो गई थी। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को स्कूटी से जा रहे दोनों भाइयों को एक अज्ञात पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर गांव में मातम फैल गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने रविवार को स्वेच्छा से साप्ताहिक बाजार बंद रखकर दुख जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फरार पिकअप चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और कैंची मोड़ पर सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों।

