Garhwa News:- गढ़वा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रंका-रमकंडा मुख्य सड़क पर गिट्टी से भरे एक अनियंत्रित हाईवा ने दौड़ का अभ्यास कर रहे दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रंका थाना से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक तीखे मोड़ के पास हुआ। हाईवा पलट गया और युवक गिट्टी के नीचे दब गए।
मृतकों की पहचान मानपुर गांव के रहने वाले राजू कुमार रवि (22) और अनिल कुमार रवि (21) के रूप में की गई है। दोनों रोजाना सुबह दौड़ने के लिए जाते थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसडीओ रुद्र प्रताप, एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह और पुलिस बल ने जेसीबी की मदद से गिट्टी हटवाकर दोनों शवों को बरामद कर थाना लाया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की।
सड़क जाम के दौरान परिजन व ग्रामीणों ने रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केशरी को खदेड़ दिया। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने और मांगों का समाधान निकालने में जुटे हैं, लेकिन ग्रामीण मृतकों के परिवार को मुआवजा सहित अन्य आवश्यक मांगों पर अड़े हुए हैं। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और गुस्से का वातावरण व्याप्त है।

