Dhanbad News:- पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के धनबाद मंडल के रेल सुरक्षा बल (RPF) ने सोमवार को ऑपरेशन AAHT (Operation Against Human Trafficking) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। RPF, GRP और चाइल्ड हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने वास्कोडिगामा एक्सप्रेस (17322) से 13 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया और पांच बाल तस्करों को गिरफ्तार किया।
गुप्त सूचना के आधार पर वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7/8 पर शाम करीब 3:58 बजे ट्रेन की जांच की। जांच में जनरल कोच से पांच वयस्क और 13 डरे-सहमे नाबालिग बच्चे मिले। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें पैसे का लालच देकर दुर्ग, सिकंदराबाद, हुबली और धारवाड़ जैसे शहरों में मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था।
टीम ने सभी को ट्रेन से उतारकर पूछताछ की, जिसमें तस्करों ने स्वीकार किया कि वे गरीब परिवारों के बच्चों को जोखिम भरे कार्यों जैसे लोहा फैक्ट्री, बिल्डिंग निर्माण और बिजली का काम कराने के लिए भर्ती करते हैं।
घटना के बाद RPF पोस्ट प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर राजकीय रेल थाना धनबाद में कांड संख्या 124/25, दिनांक 10/11/25 दर्ज किया गया। इसमें धारा 137(2), 143(5), 3(5) BNS, 75, 81 JJ ACT के तहत मामला कायम हुआ है। अनुसंधान का जिम्मा अवर निरीक्षक रामलखन यादव को सौंपा गया है।
13 नाबालिग बच्चों की उम्र 11 से 17 वर्ष के बीच है। इनमें धनबाद के 3, गिरिडीह के 2, देवघर के 2, जामताड़ा के 2, गोड्डा के 1 और बांका के 3 बच्चे शामिल हैं। सभी को चाइल्ड हेल्प डेस्क, धनबाद की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है।
तस्करों के पास से 17 यात्रा टिकट (जसीडिह, चितरंजन और धनबाद से दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों के लिए) और 5 स्मार्टफोन जब्त किए गए।
अजय प्रकाश (IPF/DHN), कुन्दन कुमार, पालिक मिंज, नन्दू प्रसाद, बिनोद शंकर सिंह, अनिल कुमार, प्रविंद कुमार (RPF), सुमेश्वर पासवान, रामनंदन सिंह और संजीत कुमार सिंह (GRP) शामिल रहे।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से बाल तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। समय रहते की गई इस कार्रवाई से 13 मासूम बच्चों को मजबूरी और शोषण के जीवन से बचा लिया गया।
