Jamshedpur News:- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला के मऊभंडार स्थित ताम्र प्रतिभा मैदान में आयोजित महागठबंधन की विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। दोनों ने संयुक्त रूप से झामुमो महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष झामुमो परिवार के लिए अत्यंत दुखद रहा है। “हमने पहले अपने आदर्श नेता गुरुजी शिबू सोरेन को खोया, फिर घाटशिला के विधायक एवं मंत्री रामदास सोरेन का निधन हुआ। उनके निधन के कारण ही यह उपचुनाव हो रहा है।” उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव घाटशिला की दिशा और दशा तय करेगा और जनता को यह तय करना है कि विकास की राह कौन आगे बढ़ाएगा।
हेमंत सोरेन ने अपने भाषण में कहा कि झारखंड राज्य किसी की दया से नहीं, बल्कि हजारों आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से बना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य की जनता से केवल छल किया है और जो लोग जनता की आवाज उठाते हैं, उन्हें जेल भेजने का काम किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झामुमो गठबंधन की सरकार गरीब, मजदूर, किसान और आम जनता की सरकार है। “हमने बिजली बिल माफ किया, 200 यूनिट फ्री बिजली दी और मंईयां योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।”
वहीं कल्पना सोरेन ने गुरुजी शिबू सोरेन और रामदास सोरेन को नमन करते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने झामुमो पर जो विश्वास जताया है, सरकार उसी भरोसे को और मजबूत करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
दोनों नेताओं ने जनता से अपील की कि वे सोमेश चंद्र सोरेन को विजयी बनाएं ताकि वह रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा कर सकें। जनसभा में राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और सांसद भी उपस्थित थे।

