रामगढ़।

सेक्स रैकेट के सदस्यों के चंगुल में फंसी दो नाबालिग किशोरियों को गर्त में धकेलने की कोशिश रविवार को नाकाम कर दिया गया है। किशोरियों को स्थानीय एक होटल से बरामद करते हुए पुलिस ने सेक्स रैकेट के सदस्यों की गिरफ्तारी में जुट गई है। जानकारी अनुसार पटना सिटी की प्रियंका नामक लड़की ने दोनों किशोरियों को काम दिलाने के नाम पर अपने जाल में फंसाया था। उसने किशोरियों को शादी पार्टी व अन्य कार्यक्रमों में काम दिलाने की बात कही थी। छापेमारी दल में शामिल रजरप्पा थाना के सब इंस्पेक्टर मिलवानी कुंडू ने बताया कि दोनों किशोरियों की पटना के बाकरगंज इलाके से लाया गया था। जब दोनों किशोरी प्राइवेट गाड़ी से रजरप्पा पहुंची तो गैंग के सदस्यों ने स्थानीय होटल केसरी कुंज के कमरे में उसे रखा था। होटल में गैंग के पांच लोग थे। वहां दोनों पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाए जाने लगा। इस पर दोनों किशोरियों ने बहाना बनाकर बाहर निकली तथा दीवार फांद कर भागने की कोशिश की। गैंग के लोगों ने दोबारा उन्हें फंसाने की योजना बना रहे थे। लेकिन स्थानीय लोगों ने उनके मंसूबे विफल कर दिए। पुलिस की जांच में यह भी बात सामने आई है कि गैंग में एक डॉक्टर अधेड़ राकेश तथा दो युवक और प्रियंका शामिल थे। वहीं बाल कल्याण समिति के सदस्य आकाश शर्मा ने बताया कि होटल प्रबंधक ने छापेमारी दल को सहयोग नहीं किया है। होटल द्वारा कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। सेक्स रैकेट के सदस्यों के नाम पता भी नहीं दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सेक्स रैकेट के साथ होटल प्रबंधन भी मिला है।