Purnia News:- भोजपुरी फिल्म जगत के सुपरस्टार और भाजपा नेता पवन सिंह ने शनिवार को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके आगमन पर मैदान में पहले से मौजूद हजारों लोगों ने जोरदार स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से उतरते ही पूरा मैदान ‘पवन सिंह जिंदाबाद’ और ‘मोदी-नीतीश जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
करीब दो घंटे के इंतजार के बाद मंच पर पहुंचे पवन सिंह ने कहा कि पूर्णिया और बिहार के समग्र विकास के लिए भाजपा उम्मीदवार विजय खेमका को जीताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गांव से लेकर शहर तक विकास की रोशनी पहुंचाई है और इस यात्रा को जारी रखने के लिए जनता का समर्थन जरूरी है।
युवाओं को संबोधित करते हुए पवन सिंह ने कहा, “11 नवंबर को मतदान केंद्र पर पहुंचें, अपने मत का प्रयोग करें और बिहार में विकास की सरकार बनाएं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ने बिहार को नए आयाम दिए हैं, जिससे राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
सभा के दौरान पवन सिंह ने अपने अंदाज में मंच से गीत गाया – “मोदी जी और नितीश जी के जोड़ी हिट हो जाई…”। यह सुनते ही भीड़ झूम उठी और पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज गया।
भीड़ इतनी अधिक थी कि सुरक्षा कारणों से पवन सिंह मंच तक नहीं जा पाए और उन्होंने प्रचार वाहन से ही जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी विजय खेमका भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पूर्णिया की जनता विकास चाहती है और यह सपना केवल एनडीए सरकार ही पूरा कर सकती है।
सभा में उमड़ी ऐतिहासिक भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि पूर्णिया का जनसमर्थन एनडीए और भाजपा के पक्ष में है।

